नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए युवा चेहरा राजेंद्र गुसाईं को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। गुसाईं की छवि एक शिक्षित, सरल और सक्रिय युवा नेता के रूप में मानी जाती है, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि राजनीतिक सूत्रों की मानें तो पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार को भाजपा एक बार फिर मैदान में उतार सकती है।
चुनाव को लेकर राजेंद्र गुसाईं ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, “यह चुनाव धनबल और जनबल के बीच का चुनाव है। मेरे पास जनता का समर्थन और विश्वास है, और मुझे पूरा भरोसा है कि नरेंद्रनगर की जनता इस बार बदलाव का समर्थन करेगी।”
अब सभी की नजर भाजपा के फैसले पर टिकी हुई है कि आखिर पार्टी किस चेहरे पर दांव लगाती है। आने वाले दिनों में नरेंद्रनगर की राजनीति और ज्यादा दिलचस्प होने की संभावना है।